रायबरेली। घर से लापता युवक का शव पेड़ से लटकता पाया गया। सेहगों पश्चिम गांव निवासी जसकरन (25) पुत्र दिनेश कुमार 20 अक्तूबर को घर से लापता हो गया था। परिवारीजन उसकी खोजबीन करते रहे और बछरावां थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।
गांव से कुछ दूरी पर स्थित कनेरी बॉर्डर के पास मंगलवार देर शाम धान के खेतों को देखने गए किसानों ने पेड़ से लटकती हुई लाश देखी। आनन-फानन सूचना जसकरन के परिवारीजनों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शव कई दिन पुराना होने के चलते पूरी तरह सड़ चुका था। परिवारीजनों का कहना है कि जसकरन मानसिक रूप से बीमार रहता था। उसका इलाज चल रहा था। घर से बिना बताए लापता हो गया था।
क्षेत्राधिकारी महराजगंज राघवेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज थी। युवक की लाश बरामद हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की सही वजह सामने आएगी।