रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र में बुधवार को बदमाशों ने एक रिटायर्ड शिक्षक से 40 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब वह बेटी के साथ बैंक से पैसा निकालकर घर जा रहा था।
बछरावां थाना क्षेत्र के बबुरियाखेड़ा मजरे बिशनपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक बद्री प्रसाद यादव अपनी बेटी राकेश कुमारी के साथ कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से पेंशन निकालने आए थेे। यहां से उन्होंने 25 हजार रुपये निकाले।
बेटी के पास पहले से पॉलीथिन में 15 हजार रुपये रखे हुए थे। उन्होंने पेंशन के पैसे बेटी की पॉलीथिन में रख दिए। अपराह्न करीब तीन बजे सारे काम निपटाकर दोनों रिक्शे से घर जा रहे थे।
बबुरिया खेड़ा मोड़ के पास उनकी बेटी रिक्शे से उतरी ही थी, तभी सामने से आ रहे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बेटी धक्का दे दिया, जिससे वह गिर गई और उसके हाथ से पॉलीथिन छीन कर फरार हो गए।
बेटी राकेश कुमारी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिसकर्मियों ने बैंक पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाला। थानाध्यक्ष राकेश सिंह नेे बताया कि घटना की सूचना मिली है। जल्द बदमाशों को दबोचा जाएगा।