लालगंज (रायबरेली)। खाद्य एवं रसद व नागरिक आपूर्ति मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार काम कर रही है। पारदर्शिता के तहत ही ई-पॉश मशीन को आधारकार्ड से लिंक किया गया है। अब आने वाले कुछ माह में ई-पॉश मशीन को तौल मशीन से जोड़कर घटतौली पर अंकुश लगाया जाएगा। इस योजना का काम चल रहा है। वह गुरुवार को नई बाजार मोहल्ला स्थित एक होटल के उद्घाटन मौके पर पत्रकारों से मुखातिब थे।
राज्यमंत्री ने कहा कि मोदी और योगी की डबल इंजन की सरकार देश और प्रदेश के गरीबों के कल्याण में लगी हुई है। कहा कि उनका विभाग प्रदेश के तीन करोड़ 57 लाख राशन कार्डधारकों को राशन पहुंचा रहा है। कोरोना काल में भाजपा सरकार ने लोगों को दो बार नि:शुल्क राशन दिया। कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। भाजपा के साथ ही पूरे देश को मोदी और योगी पर भरोसा है। मोदी के नेतृत्व और जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सभी 80 सीटों पर भाजपा को विजय मिलेगी।
इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव पाल व प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता पशुपतिशंकर बाजपेई ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व विधि और न्याय मंत्री गिरीश नारायण पांडेय, भाजपा नेता दीपप्रकाश शुक्ला, कार्तिकेय शंकर बाजपेई, अरुण पांडेय, मानवेंद्र पांडेय, कैैैलाश वाजपेयी, सीपी पांडेय आदि मौजूद रहे।