रायबरेली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। बारिश और खराब मौसम की वजह से अंतिम दिन होने वाली कई स्पर्धाएं नहीं कराई जा सकीं। प्रतियोगिताओं में डायट के अलावा 14 अन्य संस्थाओं के डीएलएड प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।
इस वर्ष की खेलकूद चैंपियनशिप पर मेजबान डायट के खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया, जबकि बैसवारा डिग्री कॉलेज ने उप विजेता की शील्ड प्राप्त की। विभिन्न प्रतियोगिताओं में पहला स्थान पाने वाले खिलाड़ी मंडलीय खेलकूद रैली के लिए चयनित किए गए।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सीडीओ राकेश कुमार ने मां शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया। डायट एवं न्यू स्टैंडर्ड कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सीडीओ ने खेलकूद के विजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ ही चैंपियनशिप और उप विजेता की ट्राफी प्रदान की।
उन्होंने सभी को खेल के महत्व से परिचित कराया। सीडीओ ने डायट परिसर में पंचवटी का पौधरोपण किया। स्काउट प्रभारी आशुतोष तिवारी, आरएन सिंह, अभिषेक द्विवेदी को पर्यावरण मित्र की उपाधि से सम्मानित किया। प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद एवं वरिष्ठ प्रवक्ता जयप्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि का आभार जताया और कहा कि सभी लोग खेल भावना को आत्मसात करें और राष्ट्र के निर्माण में सहयोग करें।
खेल प्रतियोगिताओं के दौरान सभी खिलाड़ियों ने आपसी सौहार्द का परिचय दिया। इस अवसर पर सूर्यप्रकाश, चंदना गोस्वामी, सुमन यादव, अनीता, प्रीति सिंह, भूपेंद्र राय, धर्मेंद्र सिंह, संजय सामंत, मोहनलाल मौर्य, रामकरण उपस्थित रहे।
वालीबॉल टीम ने जीता दूसरा मैच
रायबरेली। मैनपुरी में चल रही 68वीं सीनियर राज्य वालीबॉल चैंपियनशिप में रायबरेली टीम ने लगातार दूसरा मैच भी जीत लिया। इस जिले की टीम ने सिद्धार्थ नगर को 2-0 से शिकस्त दी। टीम ने अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा है। टीम कप्तान दीपक श्रीवास्तव के नेतृत्व में सभी खिलाड़ी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे वालीबाल एसोसिएशन को खिलाड़ियों से काफी उम्मीदें हैं।