रायबरेली। अमर उजाला कर रहा है उन मेधावियों का सम्मान, जिन्होंने सर्वोच्च अंक अर्जित करके अपनी मेधा का परिचय दिया है। इन मेधावियों में कुछ ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अमर उजाला यूपी बोर्ड, सीबीएसई समेत अन्य बोर्डों के 50 मेधावियों को 28 जून को सुबह 9 बजे से कलक्ट्रेट स्थित बचत भवन में भविष्य ज्योति सम्मान से सम्मानित करेगा।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नेहा शर्मा और विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के हाथों जिले भर के मेधावियों को मेडल और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाएगा। समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में जिला स्तर पर टॉप-10 सूची में शामिल 24 मेधावियों के साथ ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद के टॉप-5 मेधावियों को भी सम्मानित किया जाएगा। समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह में मेधावियों के साथ उनके परिवारीजन भी शामिल होंगे।