रायबरेली। सर्दी के मौसम में शुक्रवार का दिन अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। सुबह कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद धूप तो निकली, लेकिन शीत लहर चलने से सर्दी से राहत नहीं मिली। शुक्रवार का पारा तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जिससे दिन भर लोगों को कंपकंपी छूटती रही।
चौराहों पर अलाव न जलने तथा रैन बसेरों की हालत पलती होने के कारण आने-जाने वालों को मौसम से दो-चार होना पड़ा। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी (इग्रुआ) से मिली जानकारी के अनुसार अब तक का सबसे कम न्यूनतम पारा तीन डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्दी बढ़ने की वजह पहाड़ों पर बर्फबारी होना बताया जा रहा है। इग्रुआ का कहना है कि आने वाले कुछ दिन ऐसा ही मौसम रहेगा और सर्दी बढ़ेगी। डीएम वैभव श्रीवास्तव का कहना है कि अलाव की व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि किसी को परेशानी न हो।