रायबरेली। इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर सुरक्षा की कड़ी किलेबंदी रहेगी। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर डलमऊ, ऊंचाहार, सरेनी के 18 गंगाघाटों पर भक्त गंगा स्नान करने के लिए पहुंचेंगे।
सुरक्षा के मद्देनजर जिले में 34 पुलिस बैरियर बनाए जाएंगे। हर एक बैरियर पर चार सिपाही तैनात रहेंगे। छह वाचर टावर बनाए जाएंगे। यूपी-112 पुलिस की 18 पीआरवी भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी।
महिलाओं के साथ छींटाकशी करने वालों पर नजर रखने के लिए पांच एंटी रोमियो टीमें लगाई गईं हैं। इसके अलावा नौ इंस्पेक्टर, नौ थानेदार, 150 दरोगा व 570 सिपाही लगाए गए हैं। पीएसी की एक प्लाटून भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी।
गहरे पानी वाले स्थान पर लगाई जाएंगी लाल झंडी
सरेनी। थानेदार हरिकेश सिंह ने बताया कि गंगाघाटों पर आने-जाने के लिए रास्ते बनाए जा रहे हैं। नदी में गहरे पानी को चिह्नित करके लाल झंडी लगाई जाएंगी। 15 नावे रहेंगी, जिस पर नाविक तैनात रहेंगे। पुलिस की टीमें नदी की धारा में गश्त करेंगी।
कार्तिक पूर्णिमा पर जिले के 18 घाटों पर गंगा स्नान होगा। कार्तिक पूर्णिमा पर सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम रहेंगे। किसी ने किसी तरह की कोई गड़बड़ की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्तिक पूर्णिमा पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लोगों को भरकर गंगा स्नान पर ले जाने पर रोक रहेगी।
आलोक प्रियदर्शी, पुलिस अधीक्षक