रायबरेली। जिले में डेंगू लगातार बेकाबू होता जा रहा है। शुक्रवार को डेंगू के छह नए मरीज मिले। इसी के साथ डेंगू संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 87 पहुंच गया है। मरीज बढ़ने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में दवाओं के साथ ही अन्य संसाधनों का टोटा होने लगा है। सीएचसी व पीएचसी में मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। जिला अस्पताल से डेंगू पीड़ित मरीजों की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मरीजों के घर पहुंचकर जांच की।
शहर के कल्लू का पुरवा निवासी दीपक सिंह (20), इंदिरा नगर निवासी राजालाल (49), सुभाष नगर निवासी खुशबू (18), सत्य नगर निवासी प्राची तिवारी (19), रतापुर निवासी मीरा (53), नसीराबाद निवासी दामू सिंह (18), ऊंचाहार के खरौआ कुंआ निवासी मो. शोएब (18) की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसी के साथ पीड़ित मरीजों का आंकड़ा तीन माह में 87 पहुंच गया है। डेंगू मरीज बढ़ने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में दवाओं का संकट खड़ा हो गया है। कार्पोरेशन से दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। इस वजह से मरीजों को बाजार से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के अस्पताल रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं। सीएचसी और पीएचसी में ब्लड की पर्याप्त जांचें भी नहीं हो पा रही है। डेंगू मरीज की पहचान समय से न होने के कारण इलाज नहीं शुरू हो पा रहा है। इससे उनकी जान भी सांसत में रहती है।
शहर के 2956 स्थलों पर ढूंढे गए डेंगू के लार्वा
डेंगू का संक्रमण बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग गंभीर हो गया है। शहरी क्षेत्र में ज्यादा मरीज मिलने पर शुक्रवार को विभाग की 14 टीमों ने मोहल्लों के घरों में घूम-घूमकर कूलरों, टायरों व अन्य स्थलों पर ठहरे पानी में डेंगू के लार्वा की जांच की।
जिला मलेरिया अधिकारी भीखुल्लाह ने बताया कि शुक्रवार को सचिन श्रीवास्तव, अंकित सोनकर, अश्वनी गुप्ता, जय प्रकाश, दिलीप कुमार, सूर्य विक्रम सहित 14 टीमों ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में 2956 स्थलों की जांच की। जांच में कहीं भी डेंगू मच्छर के लार्वा नहीं मिले। टीमों ने मोहल्लों में लोगों को डेंगू के संक्रमण से बचने के लिए मच्छरों से स्वयं को बचाने की अपील की। घरों में बुखार के रोगियों की सूची भी तैयार की गई।
सभी सीएचसी अधीक्षकों को अलर्ट किया गया है। अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से मरीजों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है। अधीक्षकों को दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के आदेश दिए गए हैं। सभी रिस्पांस टीमों को अलर्ट किया गया है।
डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ