रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन पर खानपान के स्टॉल, चाय-कॉफी बेचते वेंडर तो देखे होंगे, लेकिन अब दवा की दुकान भी नजर आएगी। इससे ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को जरूरत पड़ने पर भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही दवा ले सकेंगे। मेडिकल आउटलेट और मेडिकल एसेसरीज के लिए प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर स्थल चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने के आदेश दिए गए हैं। स्थल चिह्नित होने के बाद मेडिकल स्टोर बनवाएंगे, जिनका जल्द से जल्द आवंटन कराया जाएगा।
शहर के रेलवे स्टेशन से रोजाना औसतन 30 ट्रेनें गुजरती हैं, जिनसे सफर करने वाले यात्रियों की संख्या लगभग 25 हजार है। ट्रेनों में सफर के दौरान अक्सर यात्रियों की तबीयत बिगड़ जाती है। कई बड़े शहरों के रेलवे स्टेशनों पर मेडिकल स्टोर खुले हैं। इसी तरह रायबरेली स्टेशन पर भी मेडिकल स्टोर खोला जाएगा, ताकि यात्रियों को जरूरत पड़ने पर तुरंत दवा मिल सके।
यात्रियों को स्टेशन के बाहर मेडिकल स्टोर ढूंढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्थल चिह्नित कर उसका आवंटन किया जाएगा। वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ला की माने तो मेडिकल आउटलेट के लिए 165 वर्ग फिट और मेडिकल एसेसरीज के लिए 36 वर्ग फिट की जगह चिह्नित कर जल्दी ही प्रस्ताव भेज दिया जाएगा।
मोबाइल व उपकरणों का स्टॉल भी खुलेगा
रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन पर मोबाइल और इसके उपकरण भी मिल सकेंगे, क्योंकि इसके लिए भी स्टॉल खोला जाएगा। इस संबंध में स्थल चिह्नित करने के आदेश दिए गए हैं। मोबाइल क्योस्क और एसेसरीज क्योस्क के लिए जल्दी ही स्थल चिह्नित कर स्टॉल बनाया जाएगा, ताकि उसका आवंटन किया जा सके। इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकेगी। सफर के दौरान रास्ते में मोबाइल खराब हो गया या किसी उपकरण की जरूरत पड़ी तो स्टेशन पर खुलने वाले स्टॉल से खरीद सकेंगे।
रेलवे अंडरपास पर लगवाएंगे होर्डिंग्स
रायबरेली। जिले में रेलवे ट्रैकों पर जितने भी अंडरपास बन चुके हैं, वहां पर विज्ञापन के लिए होर्डिंग लगवाई जाएंगी। इसके लिए व्यवस्था कराने के आदेश दिए गए हैं। निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास के पूरा होने के बाद वहां भी होर्डिंग्स लगवाने होंगे। रेलवे स्टेशन के पार्सल में बाइक व अन्य बड़े घरेलू सामानों की पैकिंग के लिए भी ठेका उठेगा। इससे मनमानी पर अंकुश लग सकेगा। वाणिज्य निरीक्षक की माने तो इन व्यवस्थाओं के साथ ही डिजिटल लॉकर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।