रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में शनिवार से एमबीबीएस के चौथे बैच की पढ़ाई शुरू हो गई। एकेडमिक पिनअप सेरेमनी में एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं का स्वागत बैच लगाकर किया गया। कार्यक्रम में केजीएमयू के कुलपति प्रो. बिपिन पुरी ने कहा कि समय के साथ एमबीबीएस का पाठ्यक्रम बदल रहा है। ऐसे में छात्रों को सतर्क रहने के साथ ही कक्षाओं में नियमित रहना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में एम्स के निदेशक प्रो. अरविंद राजवंशी ने कहा कि मेडिकल फील्ड ही ऐसा प्रोफेशन है जिसे हर कोई सम्मान देता है। मेहनत करके पढ़ें और खुद के साथ परिवार का भी नाम रोशन करें। एम्स के उप निदेशक (प्रशासन) डॉ. एसके सिंह ने बताया कि 15 दिसंबर तक नए बैच के प्रवेश का आयोजन होगा। इसमें खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल होंगे। इस मौके पर अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुयश सिंह, डॉ. श्रुति गुप्ता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी समीर शुक्ला व रजिस्ट्रार डॉ. भोलानाथ आदि मौजूद रहे।