रायबरेली। अमेठी जिले में शैक्षिक संस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी (आरजीआईपीटी) ने संसाधन मुहैया कराने का संकल्प लिया है।
इसे पूरा करने के लिए 31 अक्तूबर को संस्थान परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें आरजीआईपीटी की परियोजना, अमेठी : शिक्षा व समावेशी कार्यक्रम का शुभारंभ करने के साथ ही विद्यालयों को संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगी। आरजीआईपीटी के निदेशक प्रोफेसर अखौरी सुधीर कुमार सिन्हा ने बुधवार को संस्थान परिसर में बताया कि क्षेत्रीय विद्यालयों को बेड, कुर्सी-मेज, अलमारी समेत कई संसाधन मुहैया कराए जाएंगे।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तेंदुआ चौराहा को 100 बेड, पांच अलमारी, 50 क्लासरूम चेयर, ड्रेसिंग टेबल तीन, मदरसा ताजुल उलूम समदिया गांधी नगर को 80 बेड, पांच अलमारी, 40 क्लासरूम चेयर दी जाएंगी।
इन दोनों विद्यालयों में आवासीय व्यवस्था होने के कारण छात्र-छात्राओं को जमीन पर सोना पड़ता था, लेकिन बेड मिल जाने से काफी सहूलियत मिल जाएगी।
इसी तरह क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुबारकपुर मुखेतिया, प्राथमिक विद्यालय खरौली, प्राथमिक विद्यालय हरवंशगंज को भी कुर्सी, अलमारी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन संसाधनों के जरिए विद्यालयों में अध्यापन के लिए जरूरी आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा। इसके अलावा परियोजना अमेठी का मकसद विज्ञान व प्रौद्योगिकी के उपयोग के जरिए लोगों के सामाजिक जीवन, स्वास्थ्य व रहन-सहन में सुधार लाना है।
निदेशक ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस पर संस्थान में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम सुबह 7 बजे होगा। राष्ट्रीय एकता दौड़ में संस्थान के छात्र-छात्राएं शामिल होंगी। यह दौड़ गेट नंबर एक से शुरू होगी और बहादुरपुर चौराहा से वापस संस्थान परिसर में ट्रैक पर दो चक्कर लगाएगी।