ऊंचाहार के खंधारीपुर गांव के पास तेज बहाव से कटी सड़क।
ऊंचाहार। झामझम बारिश के कारण खंधारीपुर गांव के पास मंगलवार को मदारीगंज-कंदरावां मार्ग कट गया। इससे सड़क से आवागमन बंद हो गया है। यह सड़क लखनऊ-प्रयागराज हाईवे से निकलती है। इससे प्रतिदिन लगभग एक हजार राहगीर आवागमन करते हैं। कुछ माह पहले ही राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग छह किलोमीटर दूर कल्यानी गांव तक लोकनिर्माण विभाग ने सड़क का निर्माण कराया था।
इस सड़क से पट्टी रहस कैथवल, खंधारीपुर, जब्बारीपुर, कल्यानी, अड्डा, कनकपुर, गंगागढ़, गंगा विशुनपुर, रतापुर, बरसवां व कंदरावां गांवों के लोग आवागमन करते हैं। खंधारीपुर सड़क पर बने पुल से बारिश का पानी नहीं निकल पाया और सड़क के ऊपर से बहने लगा। इससे पुल के पास सड़क का हिस्सा बह गया। अब सड़क से आवागमन बंद हो गया है। ग्राम पंचायत प्रशासक अनिल कुमार ने बताया कि उन्होंने डीएम से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। एसडीएम विवेक राजपूत ने बताया कि जल्द ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। संवाद