लालगंज (रायबरेली)। तहसील सभागार में शनिवार को डीएम हर्षिता माथुर और एसपी डॉ. यशवीर सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मौके पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने कस्बे में जाम की समस्या उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बांदा और फतेहपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों के कारण लोग जाम से परेशान हैं और हादसों की संख्या भी बढ़ रही है। इसके अलावा धूल के कारण दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
नगर अध्यक्ष विवेक शर्मा, रोहित सोनी और मृत्युंजय ने सुझाव दिया कि लखनऊ की ओर जाने वाले बड़े वाहनों को नगर पंचायत कार्यालय के सामने से रायबरेली रोड से निकाला जाए। जिससे जाम की समस्या हल हो सके। व्यापारी नेताओं ने बाईपास पर रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत धीमी गति से चलने की भी शिकायत की। जिलाधिकारी ने फोन से एनएचएआई के अधिकारियों से बात की और बताया कि 30 अप्रैल तक मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इसके अलावा, हरिपाल, अब्दुल मजीद, राजकुमार, अजय पाल, संदीप कुमार, मुर्शीद, मनोज, अजय यादव, रामकुमार समेत अन्य फरियादियों ने प्रार्थना पत्र देकर रायबरेली रोड से ऐहार गांव के बाल्हेश्वर मंदिर को जोड़ने वाली सड़क बनाने की मांग की। उन्होंने बताया कि यह मंदिर क्षेत्रीय लोगों की आस्था का केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग दर्शन करने आते हैं।
मृत दिखाकर पेंशन रोकने का आरोप
सरेनी ब्लॉक के पूरेपांडे निवासी देशराज ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि अधिकारियों ने उसे मृत दिखाकर वृद्धावस्था पेंशन रोक दी है, जिससे उसकी आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
अधिवक्ताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
वकीलों ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार सरेनी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए डीएम के समक्ष अपनी समस्याएं रखी। बैसवारा अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान की अगुवाई में महामंत्री राज बहादुर मौर्य, अधिवक्ता दल बहादुर सिंह, चित्रेश सिंह, वीरेंद्र वर्मा, शिवशंकर पांडेय, विनोद कुमार मौर्य आदि ने डीएम को ज्ञापन सौंपा और आरोप लगाया कि तहसीलदार न्यायालय में बिना सुनवाई के ही फाइलों में आदेश पारित कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं से इन विशेष फाइलों की जानकारी मांगी और प्रकरणों की जांच कराने का आश्वासन दिया।
डलमऊ में समाधान दिवस का आयोजन
डलमऊ में मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान चौदहमील की मंजू देवी ने बताया कि उनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है। सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर वह अपने बच्चों के साथ गुजर बसर कर रही हैं, लेकिन अब जमीन के मालिक उन्हें वहां से हटा रहे हैं। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी को मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश दिए। बसंतपुर कठोइया ग्रामसभा से आई शिवकली ने बताया कि वह दो साल से इस समस्या का समाधान चाह रही हैं, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। सीडीओ ने शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिए।