रायबरेली। पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) समन्वय समिति की बुधवार को हुई बैठक में घरों में कनेक्शन देने के काम में तेजी लाने का आदेश दिया गया। इसके साथ ही पीएनजी कनेक्शन वाले 363 घरों में एलपीजी की आपूर्ति व रिफिलिंग रोकने के लिए भी निर्देशित किया गया है। शहर में अब तक 7800 घरों में पीएनजी कनेक्शन देने के साथ ही 2800 घरों में गैस आपूर्ति भी शुरू करा दी गई है।
बैठक में उत्तर बीपीसीएल के प्रमुख (गैस) लाला प्रभु ढकोलिया ने कहा कि शहर में अधिक से अधिक घरों तक पीएनजी की आपूर्ति शुरू कराई जाएगी। बताया गया कि अब तक 201 किमी गैस पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। विस्तार के लिए 130 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने का काम भी समय से पूरा कराने के लिए जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया। बैठक में निर्णय हुआ कि पीएनजी नेटवर्क उपलब्ध होने के बावजूद जिन एलपीजी उपभोक्ताओं न अब तक पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण नहीं कराया, उन्हें जागरूक कर नोटिस भेजा जाएगा। नोटिस के 90 दिन पूरी होने के बाद एलपीजी की सप्लाई बंद करा दी जाएगी।
जिले में 363 ऐसे उपभोक्ता मिले, जिन्होंने नोटिस की तय मियाद 90 दिन बीत जाने के बावजूद एलपीजी कनेक्शन नहीं लिया था। ऐसे उपभोक्ताओं की एलपीजी आपूर्ति को रोकने का निर्देश भी संबंधित गैस सप्लाई कंपनी को दिया गया। बैठक में डीएसओ उबैदुर्रहमान, क्षेत्रीय अधिकारी शैलेंद्र कुमार, उप प्रबंधक (सेल्स–गैस) सुदीप गुप्ता, एलपीजी सेल्स ऑफिसर विशाल कुमार, मनीष वर्मा, सैयद अदनान आदि मौजूद रहे।