शिवगढ़ (रायबरेली)। किशोरी की दूसरे युवक से शादी कराने और उसे बेचने के मामले में प्रेमी को शिवगढ़ पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल के मुताबिक शिवगढ़ क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी को क्षेत्र का रहने वाला महेश एक माह पहले हरिद्वार ले गया था।
हरिद्वार में महेश की मुलाकात बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के पोखरा गांव के रहने वाले रामू से हुई थी। महेश ने किशोरी की शादी रामू के साथ करा दी। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने महेश के खिलाफ केस दर्ज किया था।
पिता ने आरोप लगाया था कि महेश ने रामू के हाथ उसकी बेटी को बेच दिया था। रामू ने शादी करके उसकी बेटी का यौन शोषण किया। मामले में मंगलवार को रामू को गिरफ्तार किया गया था, जबकि महेश को बुधवार को पकड़ा गया।