रायबरेली। विधानसभा चुनाव से पहले यूपी की सियासत में हलचल तेज हो गई है। चंद्रशेखर और ओवैसी के गठबंधन के बाद एनडीए में भी हलचल दिखने लगी है। दलित वोट बैंक पर पकड़ बनाए रखने के लिए लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने शनिवार को गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली में जनसभा की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए दलित समाज को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने रायबरेली में विकास न होने का मुद्दा उठाकर गांधी परिवार को घेरा।
रायबरेली की छह विधानसभा सीटों में बछरावां, सलोन और ऊंचाहार में दलित मतदाताओं की अच्छी भागीदारी है। पड़ोसी अमेठी की कई सीटों पर भी दलित वोट निर्णायक भूमिका निभाते हैं। ऐसे में लोजपा ने रायबरेली से प्रदेश की राजनीति को संदेश देने की कोशिश की। चिराग ने कहा कि कांग्रेस से विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती और सपा के सत्ता में आने पर गुंडाराज व भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने दलित समाज से एकजुट होने की अपील की।
जनसभा में अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज और कौशांबी समेत कई जिलों से लोग पहुंचे। जमुई के सांसद अरुण भारती सहित पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे। जनसभा को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लोजपा की सियासी जमीन मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
तीन घंटे देरी से पहुंचे चिराग
चिराग पासवान को दोपहर एक बजे राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में पहुंचना था, लेकिन वह शाम करीब चार बजे मंच पर पहुंचे। बताया गया कि वह दोपहर एक बजे ही रायबरेली आ गए थे। जनसभा में भीड़ जुटने का इंतजार करने के कारण वह लखनऊ-प्रयागराज हाईवे स्थित एक होटल में रुके रहे। उनके मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा।