परशदेपुर में साधन सहकारी समिति संसारी अहोरारामपुर में खाद के लिए टोकन लेते किसान।
परशदेपुर (रायबरेली)। यूरिया की किल्लत से किसान परेशान हैं। लाइन में खड़े होने के बाद भी किसानों को खाद नहीं मिल रही है। मंगलवार को खाद की सूचना पर लगभग एक हजार किसान जुट गए। अफरातफरी के कारण पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद खाद का वितरण हुआ। सभी किसानों को खाद नहीं मिल सकी।
मंगलवार को परशदेपुर कस्बे के साधन सहकारी समिति संसारी अहोरारामपुर में यूरिया की खबर लगते ही किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। पहले खाद पाने के लिए किसानों के बीच धक्कामुक्की के साथ हंगामा हुआ। इस पर पुलिस को बुलाना पड़ा, इसके बाद खाद का वितरण शुरू हो सका। किसानों व सचिव के बीच कहासुनी भी हुई। असल में समिति में 500 बोरी यूरिया की रैक पहुंची थी। करीब एक हजार के करीब किसान खाद लेने के लिए पहुंचे थे। इस कारण अफरातफरी का माहौल रहा।
चार घंटे बाद मिली खाद, कई मायूस लौटे
बाबू का पुरवा गांव निवासी 90 वर्षीय बुजुर्ग रामदुलारे ने बताया कि सुबह से लाइन में लगे रहे। चार घंटे बाद दो बोरी खाद मिली। बुढ़बारा गांव निवासी 85 वर्षीय छोटेलाल ने बताया कि सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन खाद नहीं मिली। साधन सहकारी समिति संसारी अहोरारामपुर के सचिव विश्वनाथ तिवारी ने बताया की 500 बोरी यूरिया की रैक आई है। पुलिस की मौजूदगी में टोकन के आधार पर खाद का वितरण किया गया। किसानों की संख्या अधिक रही, जिससे अफरातफरी रही।