शहर के कैनाल रोड पर स्थित एलआईसी की प्रथम शाखा में शनिवार की रात अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने इसकी जानकारी फायर बिग्रेड और पुलिस को दी। दमकल के जवानों ने पहुंचकर आग को काबू में किया। सिटी मजिस्ट्रेट आलोक कुमार और कोतवाल अशोक त्रिपाठी ने पहुंचकर घटना की जांच की।
आग से लाखों रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है। आग लगने की वजह बिजली की शार्टसर्किट बताई जा रही है। डिग्री कॉलेज चौराहा से चंद कदम दूरी पर एलआईसी की प्रथम शाखा है। रात में एलआईसी के अंदर से आग की लपटें निकलती देख लोगों में अफरातफरी मच गई। इलाकाई नागरिकों की सूचना पर मुख्य शमन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय दमकल जवानों के साथ मौके पर पहुंचे।
काफी मशक्कत के बाद जवानों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया था। आग बुझाने के दौैरान दमकल गाड़ी का चालक जय प्रकाश के पैर में कांच लग गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। शाखा प्रबंधक अरविंद कुमार यादव का कहना है कि आग लगी है। कंप्यूटर, वायरिंग, कुर्सी, मेज समेत अन्य सामान जला है। कितने लाख का नुकसान हुआ और क्या-क्या जला है। इस बारे में उनका कहना है कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मुख्य शमन अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। बिजली की शार्टसर्किट से आग लगी थी।