सलोन (रायबरेली)। क्षेत्र के गौवा बाजार गांव की बेश कीमती सरकारी जमीन पर धड़ल्ले से हो रहे कब्जे की जानकारी मिलते ही डीएम ने लेखपाल राघवेंद्र मौर्या को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के अंदर गांव की सरकारी जमीन पर काबिज अवैध कब्जेदारों को हटाकर जमीन को खाली कराया जाए।
अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर उन्होंने ग्राम संपत्ति रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। डीएम शुभ्रा सक्सेना ने गौवा बाजार गांव का निरीक्षण किया। डीएम को देख गांव की महिलाएं व पुरुष एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची एक महिला ने वरासत न दर्ज होने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने एसडीएम से वरासत न दर्ज होने की जानकारी ली।
एसडीएम ने बताया कि महिला की वरासत दर्ज हो गई है। उसने काफी दिनों से खतौनी नहीं निकलवाई है, इसलिए महिला को जानकारी नहीं है। गौवा तालाब की बदहाली को देख उन्होंने तालाब का सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए। डीएम प्राथमिक विद्यालय गौवा पहुंची। वहां पर उन्होंने कुछ बच्चों से पहाड़ा सुनने के बाद बच्चों को टाफी देकर उन्हें शाबाशी दी।
कुछ बच्चों द्वारा जवाब न देने पर तैनात शिक्षकों को बच्चों के साथ और मेहनत करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में तैनात शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों के नामांकित बच्चो के सापेक्ष बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए। इस मौके पर एसडीएम आशीष सिंह, बीडीओ रिचा सिंह, तहसीलदार राम कुमार शुक्ला, नायब तहसीलदार पुष्पक सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।