रायबरेली। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 31 अक्तूबर को भारतीय ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट दतौली (आईडीटीआर) में युवतियों व महिलाओं के लिए लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए शिविर लगाया जाएगा।
शिविर में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी युवतियां व महिलाएं अपना लाइसेंस बिना किसी परेशानी के बनवा सकती हैं। शुक्रवार सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक शिविर संचालित होगा। शिविर में सिर्फ महिलाओं और युवतियों के ही लर्नर लाइसेंस बनाए जाएंगे। इस दौरान एआरटीओ प्रशासन अरविंद यादव भी परिवहन विभाग की टीम के साथ लाइसेंस बनवाने आए आवेदकों की मदद करेंगे।
शिविर में यह लाना होगा जरूरी
लर्नर लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदक को अपना आधार कार्ड के साथ लिंक मोबाइल नंबर लेकर आना होगा। लर्नर लाइसेंस बनवाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से निर्धारित 350 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा कराना होगा।
ये है प्रक्रिया
एआरटीओ प्रशासन अरविंद यादव ने बताया कि लर्नर लाइसेंस बनवाने के बाद ही नियमित लाइसेंस बनाया जाता है। लर्नर लाइसेंस बनने के एक माह से लेकर छह माह तक नियमित लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं। स्थायी लाइसेंस की प्रक्रिया एआरटीओ कार्यालय आकर पूरी करनी होगी।