फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: हैदराबाद में सीखी मॉडलिंग, लखनऊ में बनाया ठिकाना

Thu, 15 Oct 2026 01:36 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
रायबरेली स्थित आरोपी श्रद्धा का घर।
विज्ञापन
रायबरेली। चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में नाम सामने आने के बाद श्रद्धा दुबे सुर्खियों में है। हैदराबाद में मॉडलिंग सीखने के बाद उसने लखनऊ को अपना ठिकाना बनाया। परिचितों के मुताबिक, यहां उसने मॉडलिंग के क्षेत्र में पहचान बनाई और कई प्रभावशाली लोगों से संपर्क बढ़ाया। कारोबारी की हत्या के मामले में उसकी छोटी बहन रश्मि दुबे और एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है।
विज्ञापन


रायबरेली शहर के गोरा बाजार से बस्तेपुर की ओर जाने वाली सड़क रामजीपुरम तक जाती है। मदर टेरेसा स्कूल के पास से दाईं ओर मुड़ने वाली सड़क श्रद्धा के घर तक पहुंचती है। दोपहर करीब 12 बजे उसके घर पर रंगाई-पुताई का काम चल रहा था। घर में पिता और मां मौजूद थे। श्रद्धा के बारे में पूछने पर उन्होंने इतना ही कहा कि उन्हें बेटी से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने इस संबंध में कोई और बात नहीं की।

मोहल्ले में सन्नाटा पसरा था। श्रद्धा का नाम सुनते ही लोग चौंक जाते और घटना के बारे में पूछने लगते। आसपास के कुछ लोगों और परिचितों को मामले की जानकारी थी। उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर श्रद्धा और उसके परिवार के बारे में जानकारी दी।
विज्ञापन


परिचितों के मुताबिक, श्रद्धा के पिता एसपी दुबे आईटीआई से सेवानिवृत्त अवर अभियंता (जेई) हैं। जब श्रद्धा करीब छह-सात साल की थी, तब उसकी मां ने आत्महत्या कर ली थी। श्रद्धा भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसका एक भाई और छोटी बहन रश्मि दुबे है। पहली पत्नी की मौत के बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी।

मूलरूप से प्रतापगढ़ के रहने वाले श्रद्धा के पिता नौकरी के सिलसिले में रायबरेली आए थे। यहां उन्होंने मकान खरीदा और फिर यहीं बस गए। परिचितों के अनुसार, वर्ष 2010 के बाद श्रद्धा की शादी प्रतापगढ़ निवासी लोकेश पांडेय से हुई थी। लोकेश हैदराबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। शादी के बाद श्रद्धा भी उनके साथ हैदराबाद रहने लगी। इसी दौरान उसने मॉडलिंग सीखी।

करीब एक साल तक साथ रहने के बाद पति-पत्नी के बीच अनबन हो गई। इसके बाद श्रद्धा अलग होकर लखनऊ चली गई। वहां उसने मॉडलिंग के जरिए अपनी पहचान बनाने की कोशिश की और लोगों से संपर्क बढ़ाया। करीब चार-पांच साल पहले उसकी छोटी बहन रश्मि भी उसके साथ रहने लगी। परिचितों के मुताबिक, इसी दौरान श्रद्धा की मुलाकात लखनऊ के एक चर्चित कारोबारी से हुई। बाद में कारोबारी की हत्या हो गई। इस मामले में श्रद्धा, उसकी बहन और एक अन्य आरोपी का नाम सामने आया है।


राजनीति में भी आजमाया हाथ
मॉडलिंग के क्षेत्र में आने से पहले श्रद्धा ने राजनीति में भी हाथ आजमाया था। परिचितों के मुताबिक, प्रदेश के एक कद्दावर नेता ने जब एक बड़ी पार्टी से अलग होकर अपनी पार्टी बनाई, तो श्रद्धा को उसमें सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। लोगों का दावा है कि वह पार्टी अध्यक्ष के करीबी लोगों में शामिल थी। सोशल मीडिया पर नेता के साथ श्रद्धा की तस्वीरें प्रसारित होने की बात भी सामने आई है।


बीच-बीच में घर आती थी श्रद्धा
परिचितों के मुताबिक, श्रद्धा शुरू से ही काफी तेज थी। लखनऊ में रहने के बावजूद उसका रायबरेली आना-जाना लगा रहता था। कुछ लोगों का दावा है कि घटना के करीब 10 दिन बाद भी वह रायबरेली स्थित अपने घर आई थी। हालांकि, इस संबंध में मोहल्ले के लोग खुलकर कुछ नहीं बता रहे हैं। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि श्रद्धा अपने घरवालों को पैसे देती थी। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।


श्रद्धा की तलाश में घर पहुंची थी लखनऊ पुलिस
आरोपी श्रद्धा की तलाश में लखनऊ पुलिस रायबरेली शहर के रामजीपुरम स्थित घर पहुंची थी। हालांकि श्रद्धा के न मिलने पर पुलिस लौट गई। सूत्रों का दावा है कि लखनऊ पुलिस दो दिन पहले गुपचुप तरीके से यहां आई थी। इसकी भनक स्थानीय पुलिस तक को नहीं लगी थी। सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि उन्हें लखनऊ पुलिस के यहां आने की कोई जानकारी नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें