रायबरेली। बिजली उपभोक्ताओं के लिए शुरू की गई आसान किस्त योजना अंतिम चरण में चल रही है। अभी भी 25 हजार उपभोक्ता रजिस्ट्रेशन कराने से वंचित हैं। उनके लिए यह सुनहरा अवसर है।
31 जनवरी तक योजना में पंजीकरण कराकर ब्याज से मुक्ति पा सकते हैं। प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई आसान किस्त योजना 31 जनवरी को समाप्त हो रही है।
पंजीकरण कराने वाले चार किलोवाट के घरेलू और कामर्शियल उपभोक्ताओं के बिलों में लगे ब्याज को माफ किया जा रहा है। यदि उपभोक्ता एक साथ बिजली का बिल नहीं चुका पा रहे हैं तो अपने हिसाब से किश्त भी बंधवा सकते हैं।
निर्धारित की गई किस्त के साथ ही हर महीने आने वाले बिजली बिल को उपभोक्ताओं को चुकाना पड़ेगा। योजना के समाप्त हो जाने के बाद उपभोक्ताओं से पूरा बिजली का बिल वसूल किया जाएगा।
इसके साथ ही बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे जाएंगे। इसके अलावा काटे गए कनेक्शन यदि जुड़े मिले तो उपभोक्ताओं पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। इन सब समस्याओं से बचने के लिए उपभोक्ता पंजीकरण करा सकते हैं।
अधीक्षण अभियंता मंडल प्रथम विकास कपूर ने बताया कि बड़ी संख्या में उपभोक्ता कई सालों से बिजली का बिल नहीं जमा किया है। उनका बिजली का बिल तो कम हैं, लेकिन उससे ज्यादा ब्याज लगा है।
पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को व्याज से राहत मिल जाएगी। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए बेहतर यही होगा कि वह समय रहते आसान किस्त योजना में पंजीकरण करा लें। यह उनके लिए अंतिम मौका है। अब योजना की समय सीमा बढ़ना मुश्किल है।