रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी कम नहीं हो रही है। इससे यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। शनिवार रात नई दिल्ली से बनारस जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त होने के कारण नहीं आई।
रविवार को हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल 12 घंटे से ज्यादा लेट चल रही है। भागलपुर के पास रूट डायवर्जन करने की इसकी लेटलतीफी काफी अधिक बढ़ गई। दोपहर लगभग डेढ़ बजे आने वाली इस ट्रेन की लेटलतीफी के कारण यात्री परेशान हुए। रिजर्वेशन वाले यात्रियों को देर रात तक इंतजार करना पड़ा।
रविवार को चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस ने साढ़े पांच घंटे, आनंद विहार से पुरी जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस ने चार घंटे और दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस ने पौने चार घंटे इंतजार कराया। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर साढ़े तीन घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल सवा दो घंटे और प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस व सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देर से आई। अन्य ट्रेनों ने आधे घंटे से कम इंतजार कराया।
शनिवार की रात प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस पांच घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस पौने तीन घंटे, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर पौने दो घंटे, कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस व रघुराज सिंह-रायबरेली पैसेंजर एक घंटे और प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस पौन घंटे देर से पहुंची।
यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आई हैं।