रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र के पूरे जुगराज मजरे खुरहटी गांव में जमीन के विवाद में दिव्यांग युवक को खेत में भरे पानी में डूबो कर मार डाला। हत्या के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर एएसपी नित्यानंद राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मृतक के भाई की तहरीर पर एक महिला सहित पांच लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। डीह थाना क्षेत्र के पूरे बख्शी मजरे खुरहटी गांव निवासी कन्हैया लाल ने पूरे जुगराज मजरे खुरहटी गांव के जयराम को पैसा देकर खेती करने के लिए जमीन गिरवी ली थी।
जयराम की मौत के बाद जमीन उसके भांजे जागेश्वर आदि के नाम हो गई। जागेश्वर शुक्रवार को जमीन पर धान की रोपाई करा रहा था। जमीन गिरवी लेने वाले कन्हैयालाल के भाई उदयराज (45) ने खेत पर पहुंचकर खेत गिरवी होने की बात बताकर धान की रोपाई बंद करने की मांग की।
इससे नाराज जागेश्वर सहित पांच लोगों ने मिलकर उदयराज को खेत में भरे पानी में डूबो कर मार डाला। उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
मृतक के भाई कन्हैयालाल की तहरीर पर पूरे जुगराज निवासी जागेश्वर, रज्जन, बब्लू, आशीष व जमुना देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एएसपी नित्यानंद राय, सीओ सलोन रामकिशोर सिंह ने गांव पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। डीह थानेदार जेपी यादव ने बताया की मृतक के भाई की तहरीर पर पांच लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।