रायबरेली। ऊंचाहार के पूरे कुशल मजरे गोकना गांव में एक वर्ष पहले विवाहिता की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी। विसरा की जांच रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। पुलिस ने शनिवार को पति, सांस व ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता ने उनके खिलाफ न्यायालय के आदेश दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया था।
गांव निवासी कल्पना देवी पत्नी आशीष की 19 अगस्त 2024 की रात संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। उस समय मायके वालों की मांग पर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने पर विसरा को सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया था। इस बीच दो माह पहले गदागंज थाना क्षेत्र के कोला बुढ़ानपुर हमीरमऊ गांव निवासी मृतका के पिता दयाशंकर ने न्यायालय के आदेश पर मृतक के पति, ससुर औसान, सास शिवपति, देवर अनीस कुमार व ननद छाया के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने का मामला दर्ज कराया था।
विवेचना डलमऊ सीओ अरूण कुमार कर रहे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विसरा की जांच में जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की पुष्टि हुई है। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि कल्पना की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।