सतांव (रायबरेली)। सराफा की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने रविवार रात पांच लाख रुपये के जेवरात और 40 हजार की नकदी पार कर दी। सोमवार सुबह चोरी की घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने नाराजगी जताते हुए जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की।
गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के चंदऊ रघुनाथपुर गांव निवासी महेंद्र यादव के मुताबिक अटौरा बुजुर्ग कस्बा में बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के बगल में ओम ज्वैलर्स की दुकान है। रविवार रात चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए। आलमारी को दुकान से 100 मीटर दूर उठा ले गए। इसके बाद उसे तोड़कर पांच लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात व 40 हजार की नकदी पार कर दी। सुबह दुकान पहुंचा तो ताला टूटा मिला। आलमारी गायब थी।
सराफा की दुकान में चोरी की घटना की जानकारी पर व्यापारी मौके पर जुट गए। सभी ने घटना पर आक्रोश जताया। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर घटना का खुलासा किया जाएगा।