अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार रात बेकाबू जीप ने एक पान दुकानदार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। चालक नशे में धुत था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दो बार नशे में धुत चालक ने गाड़ी दुकानदार पर चढ़ाई।
घटना के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मोहनगंज कस्बा निवासी रविशंकर यज्ञ सैनी (20) पान की दुकान करता था। रात में घर पैदल जा रहा था। इसी दौरान मोहनगंज थाने के पास बेकाबू जीप ने उसे रौंद दिया।
इससे रविशंकर ने मौके पर दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक नशे में धुत था। उसने दो बार दुकानदार पर गाड़ी चढ़ाई, जिससे उसकी मौत हो गई। खास बात ये है कि थाने के पास घटना होने पर भी पुलिस देर से मौके पर पहुंची।
हादसे के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी। साथ ही नशे में धुत चालक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। मृतक परिवार में इकलौता था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। बेटे की मौत से मां विमलेश के आंसू नहीं थम रहे हैं। थानेदार रामराघव सिंह का कहना है कि जीप चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है। कार्रवाई होगी।