रायबरेली। आईएससी (12वीं) की परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। पहले दिन 12वीं के छात्र-छात्राओं का अंग्रेजी का पेपर था। इसमें 378 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। सभी चारों विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षाएं कराई गईं। आईसीएसई (10वीं) की परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होंगी।
जिले में आईएससी के सेंट पीटर्स स्कूल, रायन इंटरनेशनल स्कूल, सेंट जेम्स स्कूल और न्यू विजन स्कूल हैं। 12वीं की परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। पहले दिन दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक अंग्रेजी की परीक्षा कराई गई।
10वीं की परीक्षाएं 27 फरवरी से पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होंगी। परीक्षा संयोजक रिजनॉल्ड डिसूजा ने बताया कि सेंट पीटर्स में 130, रायन में 123, सेंट जेम्स में 80 व न्यू विजन स्कूल में 45 परीक्षार्थी 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं। कहीं भी किसी परीक्षार्थी के अनुपस्थित होने की सूचना नहीं है।