रायबरेली। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान एक महिला ने गुजरात में वोटर बनने के लिए जन्म प्रमाणपत्र लगाया है। आशंका होने पर प्रमाणपत्र को जांच के लिए रायबरेली भेजा गया है। पत्र आने के बाद पुराने दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। महिला द्वारा लगाया गया जन्म प्रमाणपत्र वर्ष 2013 में डलमऊ ब्लॉक के बलीपुर गांव से जारी किया गया था। बलीपुर में शीलू का मायका है।
एसआईआर के तहत संदिग्ध वोटरों को नोटिस देकर सुनवाई का काम चल रहा है। गुजरात में शीलू ने एक जन्म प्रमाणपत्र जमा किया है। चूंकि यह प्रमाणपत्र मैनुअल बनाया गया था। इसी कारण आशंका होने पर प्रमाणपत्र को जांच के लिए यहां भेजा गया है। सूत्रों का कहना है कि बलीपुर ग्राम पंचायत के अभिलेखों में अब तक साक्ष्य नहीं मिला है।
एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ का कहना है कि नोटिसों की सुनवाई के दौरान जो भी प्रमाणपत्र वोटरों की ओर से प्रस्तुत किए जा रहे हैं, उसकी सत्यता की जांच कराई जा रही है। गुजरात सहित कई स्थानों से जन्म प्रमाणपत्र आए हैं। सभी की सत्यता की जांच कराई जा रही है।