नसीराबाद। सीएचसी में ऑक्सीजन मशीन के खराब होने और पांच साल की बच्ची की मौत के मामले की जांच शुरू हो गई है। बुधवार को संबंधित चिकित्सक को तलब करके सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला ने पूछताछ की। उन्होंने बच्ची को रेफर करने से संबंधित कागजातों को भी परखा। मामले में एसीएमओ डॉ. अरविंद कुमार को जांच पूरी करके रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया गया है।
मंगलवार को छतोह के बरखुरदारपुर निवासी नुसरत अपनी पांच वर्षीय पुत्री अबाया को पेट दर्द की शिकायत पर सीएचसी नसीराबाद लाया गया था। परिजनों के अनुसार बच्ची का ऑक्सीजन स्तर कम था। मृतका के भाई एहतिराम ने आरोप लगाया कि अस्पताल में ऑक्सीजन लगाने वाली मशीन खराब थी। इसके बाद चिकित्सकों ने बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उसे एम्स के लिए भेजा गया, लेकिन परिजनों के अनुसार एम्स में बेड उपलब्ध नहीं होने पर वह बच्ची को कानपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री से करेंगे शिकायत : विधायक
सलोन से भाजपा विधायक अशोक कुमार ने सीएचसी प्रभारी सहित अस्पताल के स्टाॅफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी शिकायत करेंगे। विधायक ने जांच अधिकारी को ईमानदारी से जांच करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के लिए कहा।