रायबरेली। जिला अस्पताल की इमरजेंसी कक्ष में बृहस्पतिवार रात नशे में धुत दो युवकों ने जमकर हंगामा काटा। उन्होंने कक्ष में मौजूद स्टूल से हमला कर ट्रेनी फार्मासिस्ट आशीष कुमार मौर्या का सिर फोड़ दिया। विरोध करने पर मौजूद अन्य स्टाफ व तीमारदारों को भी पीटा। इमरजेंसी कक्ष में करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के कारण इलाज कराने आए मरीजों को भागकर जान बचानी पड़ी। मामला शांत होने के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपी युवकों को हिरासत में लिया। मामले में कार्रवाई न होने पर स्टाफ ने कामकाज ठप करने की चेतावनी दी है।
रात करीब एक बजे इमरजेंसी कक्ष में ईएमओ डॉ. वैभव शुक्ला की तैनाती थी। ट्रेनी फार्मासिस्ट आशीष कुमार समेत अन्य स्टाफ इमरजेंसी कक्ष के अंदर मौजूद था। इसी दौरान दो युवक नशे की हालत में इमरजेंसी कक्ष के अंदर पहुंचे। ट्रेनी फार्मासिस्ट ने बताया कि इस दौरान कक्ष के अंदर रखी डस्टबिन एक युवक को लग गई। इसे लेकर दोनों युवक नाराज होकर हंगामा करने लगे। जब उन्हें समझाने का प्रयास किया तो उनमें से एक ने वहां रखा स्टूल उठाकर उनके सिर पर मार दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई है।
आरोप है कि युवकों ने मौके पर पहुंचे ईएमओ व अन्य स्टॉफ व मौजूद तीमारदारों से भी हाथापाई का प्रयास कर उन्हें जानमाल की धमकी दी। इससे इमरजेंसी कक्ष इलाज कराने आए मरीजों व तीमारदारों में भागदौड़ मच गई। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बावजूद इमरजेंसी कक्ष के पास स्थित जिला अस्पताल पुलिस चौकी से कोई भी पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। मामला शांत होने के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ा।
सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है। हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि रात में दो युवक नशे की धुत में पहुंचकर ट्रेनी फार्मासिस्ट समेत अन्य स्टाफ व तीमारदारों की पिटाई की। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।