रायबरेली। सीवर पाइप डालने के लिए खोदी गई पीएसी रोड की हालत देखने के लिए शनिवार को डीएम शुभ्रा सक्सेना पहुंची। मामले में पिछले सप्ताह पूर्व मंत्री व ऊंचाहार से सपा विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने डीएम से मिलकर सड़क की दुर्दशा के बारे में जानकारी दी थी। कई महीने से खराब पड़ी सड़क पर बारिश के कारण आने लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मंत्री ने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया था।
पूर्व मंत्री की शिकायत पर सड़क की दशा को देखने के लिए डीएम पहुंची। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सड़क की प्रगति में बारे में जानकारी ली। अब तक की गई लापरवाही पर नाराजगी भी जताई। डीएम ने जल निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि बारिश में जिन रोड पर आवागमन में दिक्कतें हैं या जलभराव की स्थिति है। उन सड़कों को तत्काल ठीक कराया जाए। इसमें कतई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। निर्माण में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।