रायबरेली। प्रसव के लिए अस्पताल जा रही प्रसूता ने एंबुलेंस में ही नवजात को जन्म दे दिया। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ है। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। ऊंचाहार तहसील के उसरैना के गांव पूरे घासीखां निवासी वीरेंद्र कुमार की पत्नी निशा देवी को प्रसव पीड़ा हुई।
आशा ने एंबुलेंस को खबर दी। कुछ ही देर बाद ऊंचाहार की एंबुलेंस महिला के घर पहुंच गई। प्रसव पीड़ा से परेशान निशा देवी को अस्पताल लाया जा रहा था। एनटीपीसी के पास प्रसूता ने नवजात को जन्म दे दिया।
ईएमटी वीरेंद्र व पायलट रवि ने जिला प्रबंधक विकास पटेल और जिला प्रभारी अमित मिश्रा को सूचना दी। एंबुलेंस में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा सुरक्षित की खबर मिलते ही परिवारीजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरबी यादव ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।