लालगंज मॉर्डन रेल कोच कारखाने के गोमती इंडोर स्टेडियम में 13वीं पुरूष व सातवीं महिला अखिल भारतीय रेलवे पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रदर्शन करती महिला खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
मॉर्डन रेल कोच कारखाना के गोमती इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को मुख्य यांत्रिक अभियंता दिलीप कुमार अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर 13वीं पुरुष और सातवीं महिला अखिल भारतीय रेलवे पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
कहा कि भारत की तरफ से रियो ओलंपिक में जाने वाले खिलाड़ियों में 29 खिलाड़ी भारतीय रेलवे से हैं। इस प्रतियोगिता में कुल 15 टीमें भाग ले रही हैं। जिसमें महिला वर्ग की आठ टीमें भी शामिल हैं। प्रतियोगिता में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के 18 पुरुष खिलाड़ी एवं 15 महिला खिलाड़ी प्रतिभागी हैं ।
खिलाड़ियों ने खेल भावना से खेलने एवं प्रतियोगिता के सभी नियमों का पालन करने की शपथ ली। मुख्य अतिथि ने आई हुई समस्त टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद हुईं प्रतियोगिताओं में 45 किलो भार वर्ग महिला में पश्चिम रेलवे की नजुका ताजू दूसरे ने प्रथम स्थान, पूर्व रेलवे की सकपाल हर्षडे ने द्वितीय स्थान, सेंटर रेलवे की अंजू राजू ने तृतीय स्थान हासिल किया।
महिलाओं के 56 किलोग्राम वर्ग में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की जेराम लक्ष्मी ने प्रथम स्थान, मध्य रेलवे की अंजली ने द्वितीय स्थान, पश्चिम रेलवे की काजल गौर ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हर्ष कुमार, स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल, सीपीओ रेनू शर्मा, महासचिव मोहम्मद सैफ, आदि अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।