रायबरेली। सलोन में परशदेपुर रोड पर बाईपास किनारे अवैध रूप से चल रहे एक नर्सिंगहोम को बंद कर दिया गया है। संचालक को सात दिन में जवाब देने का नोटिस दिया गया है, ऐसा न करने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
बृहस्पतिवार को आईजीआरएस पर शिकायत कर नर्सिंगहोम को सील करने की मांग की गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बीते सोमवार को सीएमओ के आदेश पर टीम ने 'गीता' नाम से संचालित इस अवैध नर्सिंगहोम को पकड़ा था। 29 सितंबर को भी एसडीएम और सीएचसी अधीक्षक ने इसका निरीक्षण किया था, लेकिन तब भी यह संचालित रहा।
टीम ने अब अस्पताल को बंद करा दिया है और नोटिस भी चस्पा कर दी है। सलोन के कुकहा गांव निवासी युवराज सिंह ने बृहस्पतिवार को आईजीआरएस पर कार्रवाई की मांग की थी। सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद टीम भेजकर अस्पताल बंद कराया गया है। उन्होंने कहा कि संचालक को एक मौका दिया गया है और जवाब न आने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।