ऊंचाहार। कस्बे में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष के घर में बने तहखाने से पुलिस ने अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है। दिवाली पर पटाखा बेचने के लिए इनका भंडारण किया था। बरामद पटाखों की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इन पटाखों का भंडारण कौन कर रहा था, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। कस्बे में पटाखों का अवैध कारोबार हो रहा है। इस पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकी है। इसी का नतीजा है कि पूर्व नगर पंचायत के घर में बने तहखाने में पटाखों का अवैध भंडारण बरामद किया गया है। यह तहखाने किराये पर लिया गया था। रविवार रात को किसी ने सीओ डलमऊ को अवैध पटाखों के भंडारण की जानकारी दी। इस पर सीओ ने पुलिस टीम के साथ तहखाने में रात करीब 8 बजे छापा मारा तो भारी मात्रा में पटाखों का जखीरा मिला। यह पटाखे बोरे में रखे गए थे। सभी पटाखे देसी हैं। यह कैसे बनाए गए और कहां से आए, इसकी पुलिस पड़ताल कर रही है। पुलिस उसकी की भी तलाश कर रही है जिसने किराये पर तहखाने को लिया था। सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि अवैध पटाखा किसने रखे थे, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की मिलीभगत से चल रहा कारोबार
पुलिस के अवैध पटाखों का भंडारण करने वाले की पूरी जानकारी है लेकिन अभी नाम नहीं खोला गया है। असल में पुलिस की मिलीभगत से ही कस्बे में अवैध पटाखों का व्यापार चल रहा है। दिवाली से पहले ही सेटिंग कर ली गई है और देसी पटाखों का भंडारण हो रहा है। पुलिस कार्रवाई से दूर है। रविवार रात को यदि किसी ने सीओ को जानकारी न दी होती तो पटाखों का जखीरा न पकड़ा जाता। ऐसे में कभी भी कोई बड़ी घटना घट सकती थी।