जिले में बुधवार शाम मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। इससे मौसम ठंडा हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल गई। सुबह चटकती धूप निकली थी। शाम चार बजे अचानक मौसम बदला और हल्की बारिश के साथ-साथ आंधी से मौसम ठंडा हो गया।
आंधी के कारण कहीं पेड़ धराशायी हो गए तो कहीं पर बिजली के पोल टूट गए। पोल टूटने के कारण कई स्थानोें पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। डीह थाना क्षेत्र में पेड़ गिरने से दो घंटे तक आवागमन ठप रहा। सरेनी ब्लॉक क्षेत्र में आंधी के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल टूट गए।
इससे आपूर्ति ठप हो गई है। पोल टूटने की वजह से एक व्यक्ति की दीवार भी ढह गई। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में आंधी के कारण सीढ़ी से गिरकर एक बालिका घायल हो गई, जबकि एक किसान के घर आग लग गई। आग से दो लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ। फॉल्ट की वजह से महराजगंज उपकेंद्र के पांचों फीडर बंद हो गए हैं।
शाम करीब चार बजे मौसम ने करवट ली। काले बादल छाने के साथ तेज आंधी आई। डीह प्रतिनिधि के मुताबिक शाम को आई आंधी के कारण रायबरेली-परशदेपुर मार्ग पर आंटी गांव के पास शीशम का पेड़ धराशायी हो गया। इस वजह से वाहनों का आवागमन ठप हो गया।
यूपी 100 पुलिस ने पहुंचकर पेड़ को कटवाकर बाहर कराया, तब कहीं जाकर दो घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। सरेनी प्रतिनिधि के मुताबिक आंधी के कारण हसनापुर गांव में बिजली के पोल टूटकर गिर गए। मदईखेड़ा गांव निवासी भंवरपाल सिंह का ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गया।
हसनापुर गांव निवासी छोटेलाल की पक्की दीवार पर पोल टूटकर गिर गया। इससे पक्की दीवार ढह गई। गनीमत रही कि उसके नीचे कोई नहीं था। पोल टूटने की वजह से इन गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। जेई संजय कुमार का कहना है कि जल्द ही पोल ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक पूरे जालिम सिंह मजरे ज्योना निवासी राम बहादुर यादव घर आंधी की वजह से चूल्हे से उठी चिंगारी छप्पर में जा गिरी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। आग से 100 क्विंटल भूसा, छप्पर, अनाज समेत दो लाख से ज्यादा का सामान जलकर राख हो गया।
सूचना पर सीओ गोपीनाथ सोनी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग को काबू में किया। इसी क्षेत्र के दुर्गापुर मजरे कुशमौरा के रहने वाले रमेश की सात वर्षीय बेटी शिशिका किसी काम से छत पर गई थी। सीढ़ी से नीचे उतरते समय आंधी के कारण शिशिका जमीन पर गिरकर घायल हो गई।
हालत गंभीर होने पर उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यही नहीं आंधी के कारण महराजगंज क्षेत्र में पांचों फीडर बंद हो गए हैं। इससे पूरे क्षेत्र की बत्ती गुल हो गई है। एसएसओ पवन कुमार से जब इस बाबत पूछताछ की गई तो उनका जवाब थी कि आंधी से फाल्ट कहीं आया, जानकारी नहीं है।
उधर, जेई पवन कुमार का कहना है कि फाल्ट को खोजवाकर आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी तरह अन्य क्षेत्रों में भी आंधी आई, लेकिन कहीं पर नुकसान की बात सामने नहीं आई।