रायबरेली। सीडीओ अभिषेक गोयल ने शनिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। प्रस्तावित ऑक्सीजन प्लांट व बेडों की संख्या बढ़ाए जाने के संबंध में व्यवस्थाओं को देखा।
जिला अस्पताल के कई वार्डों में बेडों पर ऑक्सीजन की आपूर्ति का प्रस्ताव है। महिला अस्पताल के पुराने भवन में मरीजों को भर्ती करने के लिए बेडों की संख्या ही बढ़ाने तैयारी है। सीडीओ ने पूरे परिसर में घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीडीओ ने जिला अस्पताल पहुंचकर सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अल्ताफ हुसैन से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। बाद में परिसर में प्रस्तावित कार्यों के संबंध में स्थल का निरीक्षण किया।
ऑक्सीजन प्लांट, ऑक्सीजन पाइप लाइन आदि के बारे में जानकारी ली। रेडियोलॉजिस्टि डॉ. अल्ताफ हुसैन ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट, पाइप लाइन और बेडों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है।
इसी व्यवस्था को देखने के लिए सीडीओ आए थे। ईएनटी वार्ड, हड्डी वार्ड, बच्चा वार्ड, डायलिसिस यूनिट, महिला अस्पताल की एमसीएच विंग सहित अन्य वार्डों में पाइप लाइन से बेडों तक ऑक्सीजन आपूर्ति का प्रस्ताव है। जल्द काम शुरू होगा।