रायबरेली। जिले में जल्द ही डॉक्टरों की कमी दूर होगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन के लिए डॉक्टरों के 42 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है।
जिले की 14 सीएचसी में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए एनसीडी क्लीनिक फिर शुरू की जाएगी। इसके अलावा जिला महिला अस्पताल सहित दो अन्य सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञों की तैनाती होगी। जिला महिला अस्पताल में बेहोशी के डॉक्टरों की कमी भी दूर होगी। 15 फरवरी को सीएमओ कार्यालय में वॉक इन इंटरव्यू के माध्यम से डॉक्टरों के पद भरे जाएंगे।
कोरोना के कारण एनएचएम की कई सेवाएं प्रभावित हो गईं थीं। एनसीडी क्लीनिकों का संचालन भी सीएचसी स्तर पर प्रभावित हो गया था। अस्पतालों में बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित अन्य डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को परेशानी हो रही है।
शासन की मंशा पर मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिला महिला अस्पताल, एफआरयू बछरावां ऊंचाहार में एक-एक महिला चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी लालगंज, ऊंचाहार व महिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ केे अलावा महिला अस्पताल में निश्चेतक, रेडियोलॉजिस्ट व बाल रोग विशेषज्ञ के पद भरे जाएंगे।
गंभीर बीमारियों की जांच के लिए संचालित एनसीडी क्लीनिकों के लिए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवानंदपुर में एमबीबीएस चिकित्सक, सीएमओ कार्यालय के लिए एपिडेमोलॉजिस्ट, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, जिला अस्पताल में फिजीशियन के पदों पर भर्ती होगी।
इसके अलावा सीएचसी बछरावां, अमावां, बेलाभेला, डलमऊ, डीह, हरचंदपुर, जगतपुर, जतुआ-टप्पा, खीरों, खजूरगांव, महराजगंज, नसीराबाद, सलोन और सरेनी में एनसीडी क्लीनिकों के लिए एमबीबीएस चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती होगी। जिला अस्पताल में ही एनसीडी क्लीनिक में कंसलटेंट मेडिसिन, मेडिकल ऑफिसर, पैथालॉजिस्ट, बाल रोग विशेषज्ञ व मेडिकल ऑफिसर के पद पर भर्ती होगी। डॉक्टरों के सभी पद संविदा के रहेंगे।
डॉक्टरों के इन पदों के लिए होगा वॉक इन इंटरव्यू
एमबीबीएस चिकित्सा अधिकारी 18
महिला चिकित्सा अधिकारी 03
स्त्री रोग विशेषज्ञ 04
निश्चेतक 04
बाल रोग विशेषज्ञ 05
रेडियोलॉजिस्ट 01
एमबीबीएस चिकित्सक 01
एमिडेमोलॉजिस्ट 01
डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर 01
फिजीशियन 01
पैथालॉजिस्ट 01
कंसल्टेंट मेडिसिन (एमडी) 02
कुल पद 42
एक साल बाद महिला अस्पताल में होगी अल्ट्रासाउंड जांच
जिला महिला अस्पताल में डॉक्टर न होने के कारण अल्ट्रासाउंड की जांच पिछले एक साल से ठप है। अब 15 फरवरी को वॉक इन इंटरव्यू के माध्यम से रेडियोलॉजिस्ट के पद को भरा जाएगा। रेडियोलॉजिस्ट का पद भर जाने के बाद प्रसूताओं को महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच कराने में सहूलियत मिलेगी।
एनएचएम के निदेशक के निर्देश पर आगामी 15 फरवरी को वॉक इन इंटरव्यू होगा। विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को संचालित कराने के लिए डॉक्टरों के विभिन्न 42 पदों पर भर्ती होगी। भर्ती प्रक्रिया पूरी होते ही स्वास्थ्य सेवाओं में और बेहतरी आएगी।
डॉ. बीरेंद्र सिंह, सीएमओ