रायबरेली। जिलाधिकारी नेहा शर्मा और एसपी सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार को डीएम दफ्तर में माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ ही राज्य पुरस्कार प्राप्त स्काउट गाइड को भी सम्मानित किया। डीएम ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान कर रहे हैं। खिलाड़ियों ने जिस तरह जिले का गौरव राष्ट्रीय स्तर तक बढ़ाया है, उससे दूसरे खिलाड़ियों को प्रेरणा लेनी चाहिए।
एसपी ने आने वाली प्रतियोगिताओं में सभी खिलाड़ियों के सफल होने की कामना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और निरंतर अभ्यास से ही प्रतिभा में निखार आता है। हार से निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि अपनी कमियों से सीख लेते हुए और मेहनत से प्रयास करना चाहिए। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मालवीय ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस बार भी शिक्षा विभाग खेलों पर विशेष ध्यान दे रहा है। जो भी खिलाड़ी जिले स्तर पर चयनित होंगे, उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
डीएम और एसपी ने जिले के खिलाड़ियों के कोच एवं मैनेजर को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वैदिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एसएन सिंह, जिला खेल सचिव अजय सिंह चंदेल, क्रीड़ा प्रभारी अभिषेक द्विवेदी, मंगल चरण रावत, प्रेमचंद भारती, रीना मिश्रा, सरिता द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।
इन खिलाड़ियोंको मिला सम्मान
एथलेटिक्स में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी खुशी सिंह, रोशनी अग्निहोत्री, कोमल सिंह, ताइक्वांडो में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी गौरी सिंह, टेबल टेनिस राज्य स्तर के खिलाड़ी सिद्धांत विक्रम सिंह, कौस्तुभ द्विवेदी, अनमोल आनंद, वॉलीबाल में राज्य स्तर की खिलाड़ी अनुष्का तिवारी, अंजली यादव, खो-खो में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी विनीता यादव, पूनम यादव, काजल को सम्मानित किया गया।
राज्य पुरस्कार प्राप्त स्काउट गाइड
राज्य पुरस्कार प्राप्त सात स्काउट और दो गाइड को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें वैदिक इंटर कॉलेज के स्काउट पीयूष, सत्यम सविता, अमित कुमार, दीपू कुमार, प्रदीप कुमार, अभिषेक दीक्षित, राज सोनकर और वैदिक कन्या इंटर कालेज की गाइड साक्षी गुप्ता, अनुष्का सोनकर शामिल हैं।