नगर में शनिवार को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतरी रही। कई चक्रों में तकरीबन सात से आठ घंटे की कटौती की गई। बिजली की आवाजाही से पूरे दिन उपभोक्ता परेशान रहे।
यही नहीं शुक्रवार की रात भी कई मोहल्लों में तीन-तीन घंटे तक बत्ती गुल रही। जिला मुख्यालय में शनिवार को बिजली ने उपभोक्ताओं को खूब रुलाया। ऐसा कोई मोहल्ला नहीं बचा, जहां लोग ध्वस्त आपूर्ति से परेशान न रहें हो।
तेलियाकोट, राना नगर, गोरा बाजार, इंदिरा नगर, नेहरू नगर, बालापुर, आईटीआई कॉलोनी, निराला नगर, नया पुरवा समेत सभी मोहल्लों में बिजली का आना-जाना लगा रहा।
एक बार बिजली जाती तो एक से डेढ़ घंटे बाद ही दोबारा आती थी। सुरेश शुक्ला, मनोज त्रिवेदी, शनि शुक्ला, गोलू सिंह, नफीस अहमद, आलम आदि ने बताया कि शुक्रवार की रात भी जमकर कटौती हुई।
वहीं शुक्रवार की सुबह से शाम तक बिजली की ट्रिपिंग ने परेशान कर दिया। एसडीओ टाउन पीके सिंह ने बताया कि तेज हवा और बारिश के चलते लाइनों में लोकल फॉल्ट के कारण आपूर्ति प्रभावित रही। कटौती नहीं की गई।