रायबरेली। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार से प्रदेश भर के हॉकी खिलाड़ियों का जमावड़ा लगेगा। स्टेडियम परिसर स्थित एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड में 18 से 21 जनवरी तक अंडर-14 राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता होनी है।
जिसमें द्वितीय रायबरेली हॉकी गोल्ड कप पर कब्जा जमाने के लिए प्रदेश के 20 जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। इस जिले के खिलाड़ी भी स्टेट मुकाबले में दमखम दिखाने को तैयार हैं। जिले की टीम का गठन भी किया जा चुका है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संजीव जायसवाल और सचिव अबु यूसुफ के मुताबिक राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, हरदोई, पीलीभीत, कानपुर, मऊ, प्रतापगढ़, बनारस, गाजीपुर, कौशांबी, मिर्जापुर, झांसी, बाराबंकी, लखनऊ, प्रयागराज, लखनऊ समेत 20 जिलों की टीमें भाग लेंगी।
उप क्रीड़ाधिकारी एवं हॉकी कोच संतोष कुमार ने बताया कि स्टेडियम में जिले की टीम गठित हो चुकी है। इस टीम के साथ बाकी खिलाड़ी भी रोजाना प्रैक्टिस कर रहे हैं।
जिला क्रीड़ाधिकारी सर्वेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड है। ऐसी सुविधा आसपास के किसी जिले में नहीं है। इसलिए यहां के बच्चों को इसका पूरा लाभ उठाना चाहिए। बच्चे अच्छा खेलें और नाम रोशन करें।