रायबरेली। शहर में जिले का सबसे बड़ा खेल स्टेडियम बनेगा। इस खेल मैदान में एथलेटिक्स ट्रैक के साथ ही प्रशासनिक भवन बनाया जाएगा। जिस साढ़े चार हेक्टेयर जमीन पर खेल मैदान बनाया जाना है, उस जमीन को खेल विभाग के नाम दर्ज करा दिया गया है।
जिला प्रशासन ने खेल स्टेडियम का प्रस्ताव अब खेल निदेशालय को भेजा हैै। हरी झंडी मिलने के बाद खेल मैदान का निर्माण कार्य शुरू होगा। मौजूदा समय में शहर के जेल रोड पर मोतीलाल नेहरू स्टेडियम है। यहां पर हॉकी एस्टोटर्फ ग्राउंड है।
मैदान का आधा हिस्सा हॉकी एस्टोटर्फ बनाए जाने में चला गया। ऐसे में एथलेटिक्स खेल के लिए जगह कम हो गई है। यह स्टेडियम छोटा भी है। खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें एथलेटिक्स में महारथ हासिल कराने के लिए खेल विभाग की ओर से रायबरेली-परशदेपुर मार्ग पर जैतूपुर में नया खेल स्टेडियम बनवाया जाएगा।
इसके लिए साढ़े चार हेक्टेयर जमीन खेल विभाग के नाम दर्ज करा दी गई है। यह खेल मैदान जिले का सबसे बड़ा मैदान होगा। यहां पर एथलेटिक्स के अलावा अन्य सुविधाएं खेल प्रतिभाओं को मुहैया कराने का खाका तैयार किया गया है।
एथलेटिक्स ट्रैक, प्रशासनिक भवन की सुविधा होगी। खेल विभाग और जिला प्रशासन में सहमति के बाद इस प्रस्ताव को खेल निदेशालय को भेजा है। हरी झंडी मिलने के बाद खेल मैदान का निर्माण कार्य शुरू होगा।
खेल विभाग के अफसर बताते हैं कि वैसे तो 2018 में ही जिले के सबसे बड़े खेल स्टेडियम बनाने की तैयारी शुरू की गई थी, लेकिन इसको लेकर बीच में बजट का पेच फंस गया। वर्ष 2018 में एथलेटिक्स ट्रैक, प्रशासनिक भवन आदि सुविधाएं को लेकर 35 करोड़ का बजट शासन को भेजा गया था।
शासन से कहा गया कि बजट ज्यादा है। इसे कम करके भेजें। अब खेल मैदान के लिए 14 करोड़ रुपये का बजट बनाकर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। कुछ भूमाफिया ने मंगलवार को जेसीबी से स्टेडियम की जमीन पर खुदाई शुरू करा दी। इतना ही नहीं, जमीन पर खड़े चार-पांच जंगली पेड़ कटवा दिए।
क्षेत्रीय लोगों की मानें तो क्षेत्रीय लेखपाल की मिली भगत से भूमाफिया ने खेल मैदान की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। जानकारी होने पर बुधवार को जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वेंद्र सिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। वहां पर पूछताछ में क्षेत्रीय लोग इस बात की जानकारी नहीं दे पाए कि यहां पर कौन लोग जमीन पर कब्जा करने आए थे।
जैतूपुर के पास साढ़े चार हेक्टेयर पर जिले का सबसे बड़ा स्टेडियम बनाया जाना है। कुछ लोग खेल मैदान की जमीन पर कब्जा कर रहे थे। मौके पर पहुंचकर इसकी जांच की गई है। मामले से डीएम को अवगत करा दिया गया है। खेल निदेशालय की हरी झंडी मिलने पर खेल मैदान का निर्माण शुरू होगा।- सर्वेंद्र सिंह चौहान, जिला क्रीड़ा अधिकारी
जैतूपुर स्थित स्टेडियम की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने के प्रयास की जानकारी हुई है। मामले की जांच नायब तहसीलदार से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी। - अंशिका दीक्षित, एसडीएम सदर