ऊंचाहार (रायबरेली)। मनीरामपुर पुल के पास पुलिस ने चेकिंग के दौरान तमंचा बेचने जा रहे एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास झोले में आठ तमंचे व आठ कारतूस बरामद हुए हैं। उसका एक साथी बाइक समेत भागने में कामयाब रहा। पकड़ा गया युवक शातिर अपराधी है।
शनिवार शाम शारदा सहायक नहर पुल के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान हाथ में झोला लिए एक संदिग्ध युवक दिखा। पुलिस की मानें तो युवक को पकड़कर तलाशी ली गई तो झोले में आठ तमंचे व पैंट की जेब से आठ कारतूस मिले। वह तमंचा बेचने जा रहा था।
इस दौरान पुलिस को देख उसका एक साथी बाइक लेकर मौके से भाग निकला। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक डीह थाना क्षेत्र के जमुनिहा मजरे लोधवारी निवासी नारेंद्र बहादुर वकील था।
वह आपराधिक मुकदमों की पैरवी करता था। इस दौरान वह अपराधियों की संगत में आकर स्वयं अपराध में लिप्त हो गया। उसके खिलाफ डीह थाने में नौ, सदर कोतवाली में छह, भदोखर थाने में दो व ऊंचाहार में एक मुकदमा सहित 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वह डीह थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है, जबकि फरार साथी सदर कोतवाली क्षेत्र के 66 चंद्रनगर निवासी रामबाबू सोनी उर्फ गुड्डू पर सात मामले दर्ज हैं। उसे जेल भेजा गया है।