हिंदी दिवस पर सोमवार को कहीं गोष्ठी तो कहीं प्रतियोगिताओं के माध्यम से राजभाषा पर चर्चा की गई। वक्ताओं का कहना था कि हिंदी विचार और भावनाओं की भाषा है।
कहा कि स्वयं हिंदी में काम करें और अन्य लोगों को भी हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। इससे हिंदी को अधिक से अधिक बढ़ावा मिलेगा।
आईटीआई में हुए कार्यक्रम में इकाई प्रमुख के. अलगेसन ने कहा कि हिंदी देश के करोड़ों लोगों की विचार एवं भावनाओं की भाषा है। आज की प्रौद्योगिकी अर्थव्यवस्था आधारित युग में हिंदी की उपयोगिता और अधिक बढ़ गई है।
उप महाप्रबंधक आलोक सक्सेना ने कहा कि हिंदी की सम्प्रेषण शक्ति एवं विस्तृत होते दायरे के कारण वाणिज्य एवं व्यापार में इसकी स्वीकार्यता बढ़ती जा रही है।
डॉ. राम मनोहर लोहिया महाविद्यालय खजूरगांव के प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि विश्व में हिंदी भाषा का प्रभाव व्यापक हुआ है। महेंद्र प्रताप सिंह, कौशल कुमार, जेजेआर चक्रवर्ती ने भी विचार व्यक्त किए।
गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने का संकल्प लिया गया। प्रधानाचार्य अरविंद सिंह ने इस विषय की सार्थकता एवं उपयोगिता पर विस्तार पूर्वक छात्रों के बीच रखा।
कहा हिंदी भावनाओं और विचार की भाषा है। एसजेएस स्कूल में हिंदी पखवारे का सोमवार को समापन हुआ। प्रबंध निदेशक रमेश बहादुर सिंह ने सभी को अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करने की सलाह दी।
प्रधानाचार्या डॉ. बीना तिवारी, डॉ. पूनम त्रिपाठी ने कहा कि हिंदी यकीनन एक सरल व समृद्ध भाषा है। बच्चों ने निबंध प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
नेहरू युवा केंद्र की ओर से गांवों में शो के माध्यम से लोगों को हिंदी की उपयोगिता के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में डॉ. चंपा श्रीवास्तव, अनिल चतुर्वेदी, दीपक यादव आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।
शक्ति इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल की ओर से हिंदी दिवस मनाया गया। डॉ. ओमिका चौहान ने हिंदी की उपयोगिता के बारे में बताया। सुमन अवस्थी, संजय कुमार, ज्योति अंजली वर्मा को पुरस्कृत किया गया।
रॉयन इंटर नेशनल स्कूल में हिंदी दिवस धूमधाम मनाया गया। बच्चों से भाषण प्रतियोगिता व वाद-विवाद प्रतियोगिता कराई गई। इसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। डॉ. विध्यवासिनी प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि हिंदी सभी भाषाओं की जननी है।
प्रधानाचार्य विनीत नायर ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर जेडी द्विवेदी ने भी अपनी बात कही। प्रतियोगिताओं के विजेताओं दिव्यांशु, यस कशौधन, एलिसा समेत अन्य बच्चों को सम्मानित किया गया।