ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के अरखा राख निस्तारण केंद्र पर मंगलवार को हुई मारपीट से खफा चालक ने बुधवार को ट्रक खड़ा करके लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ का आवागमन ठप हो गया। वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। इसकी जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और ट्रक हटवाकर जाम को हटवाया।
हाईवे पर एक घंटे तक जाम लगने से लोग परेशान रहे। चालक के साथ मारपीट करने वालों पर केस दर्ज किया गया है। वहीं हाईवे जाम करने पर चालक के खिलाफ भी एफआईआर लिखी गई है।
प्रयागराज जिले के एटा खुर्द निवासी मो.इसरार ने बताया कि वह पूरे किशुनी गांव निवासी अनूप शुक्ला की गाड़ी चलाता है। मंगलवार देर शाम राख लोडिंग कराने के लिए वह अरखा निस्तारण केंद्र पर गया था।
अरखा गांव निवासी अमरज्योति सिंह उर्फ बाबा, उनका चालक पट्टू तथा एक अज्ञात व्यक्ति ने हमला बोल दिया और लात-घूंसों जमकर पिटाई करके घायल कर दिया। साथ ही आठ हजार रुपये नगदी भी छीन लिया। इससे आक्रोशित चालक ने बुधवार की सुबह बांध वाली सड़क पर हाईवे पर बीचोबीच गाड़ी खड़ी कर कोतवाली प्रार्थना पत्र देने चलाया। इससे हाईवे पर जाम लग गया।
कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि चालक की तहरीर पर मारपीट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही हल्का दरोगा की तहरीर पर चालक के खिलाफ हाईवे जाम करने का केस लिखा गया है। जांच के बाद प्रकरण में कार्रवाई होगी।