गदागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हाईटेंशन लाइन में सरिया छू जाने से रिटायर्ड फौजी की मौत हो गई, जबकि एक किसान गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं मौके पर मौजूद कई ग्रामीण बाल-बाल बच गए।
यह हादसा उस वक्त हुआ, जब दोनों सिंचाई के लिए बनी नाली में डाले गए पाइप की सफाई के लिए सरिया को सीधा कर रहे थे। पाइप में कचरा फंसा था, जिससे पानी नहीं निकल पा रहा था।
घटना से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसान को सीएचसी डलमऊ में भर्ती कराया। एसडीएम रामअक्षयवर ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की।
गदागंज-डलमऊ मार्ग पर ऊधनपुर मजरे बरारा बुजुर्ग गांव के पास रोड के नीचे सीमेंट का पाइप पड़ा है। माइनर और नलकूपों का पानी नाली के जरिए आकर इसी पाइप के सहारे खेतों तक पहुंचता है।
कचरा फंसने के कारण यह पाइप जाम हो गया था। गांव के रिटायर्ड फौजी दिनेश प्रताप यादव (60) को अपने खेतों की सिंचाई करनी थी। इसलिए गुरुवार को वह पाइप की सफाई करने के लिए पहुंचा।
पूरे झूरी मजरे खोदायपुर निवासी किसान राम कुमार भी उसके साथ गया था। पाइप की सफाई के लिए दोनों लोहे की सरिया को सीधा कर रहे थे। इसी बीच सरिया ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन से छू गई, जिससे उसमें करंट उतर आया।
करंट लगने से फौजी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं किसान गंभीर रूप से झुलस गया। वहां मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। हादसे से आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलने पर गदागंज पुलिस पहुंची। दोनों को सीएचसी डलमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने फौजी को मृत घोषित कर दिया। वहीं राम कुमार की हालत नाजुक होने पर उसे भर्ती कर लिया।
सूचना पर उपजिलाधिकारी रामअक्षयवर, क्षेत्रीय लेखपाल राम प्रताप के साथ मौके पर पहुंचे। परिवारीजनों और ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी की। कहा कि जांच के बाद पीड़ित परिवार को कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिलाया जाएगा।