सलोन (रायबरेली)। नगर में डायरिया का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर के कई मोहल्ले में डायरिया की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
सीएमओ स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ नगर पहुंचे। टीम ने घर-घर जाकर लोगों की सेहत जांची। लोगों का सरकारी व निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। दवा का छिड़काव कराया गया है।
नगर के मोहल्ला गोरही निवासी नूर मिया, मो. अल्तमस, अलिसा बानो, निर्मला देवी, सदाशिव, अजीजाबाद निवासी सोनी, सिमरन, निवासी मियां साहब का फाटक निवासी तनवीर, नयागंज निवासी रूबा, रागिनी निर्मल, सहित अन्य मरीजों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा निजी अस्पतालों में डायरिया के मरीजों की लाइन लगी है। डायरिया का कहर बढ़ने के बाद स्वास्थ्य महकमा और नगर पंचायत के कर्मी अलर्ट हो गए।
ईओ डीपी सिंह ने बताया कि नगर के विभिन्न मोहल्लों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है। नगर में स्थित पानी टंकी में ब्लीचिंग पाउडर बराबर डाला जा रहा है।
गुरुवार देर शाम सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती डायरिया के मरीजों का हालचाल जाना। नगर पंचायत के मोहल्ला पैगंबरपुर पश्चिमी, पैगंबरपुर पूर्वी, गोरही, मिया साहब का फाटक समेत विभिन्न मोहल्लों में जाकर वहां के लोगों से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा।
एसीएमओ डॉ. पीके बैसवार ने बताया कि नगर में संक्रामक बीमारी डायरिया को लेकर स्वास्थ महकमा अलर्ट है। टीम की ओर से लगातार जांच की जा रही है। नगर पंचायत को ब्लीचिंग पाउडर, एंटी लार्वा का छिड़काव करने के निर्देश दे दिए गए हैं।