इन्हौना (रायबरेली)। अमेठी जिले के तिलोई में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की घोषणा के बाद से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए कैबिनेट में 292.56 करोड़ रुपये के बजट का अनुमोदन किया गया है। हालांकि तिलोई में पहले से ही 200 बेड का रेफर जिला अस्पताल खोलने की प्रक्रिया चल रही है। भवन के निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है।
तिलोई क्षेत्र में बड़ा अस्पताल न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को समस्या हो रही थी। मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए पूरे जिले में स्थापना के लिए प्रयास चल रहा था। इसके लिए तिलोई विधायक ने अपनी जमीन देने का निर्णय लिया था।
प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया था। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रयास से तिलोई क्षेत्र को यह लाभ मिल गया है। तिलोई विधायक राजा मयंकेश्वर शरण सिंह ने बताया कि यह क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
संबंधित विभाग से डीपीआर बनने के साथ ही यह तय हो गया था कि बहुत शीघ्र वित्तीय अनुमोदन पर कैबिनेट की मुहर लग जाएगी। मेडिकल कॉलेज के लिए प्रदेश कैबिनेट की बैठक में वित्तीय अनुमोदन होते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
तिलोई ब्लॉक के पूर्व प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह, भाजपा नेता धर्मेश मिश्रा, लल्लन सिंह, बंटी सिंह, श्रीचंद्र चौरसिया, प्रधान संघ तिलोई अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, नवीन श्रीवास्तव, प्रधान संघ अध्यक्ष सिंहपुर राधेलाल मिश्र, उमाशंकर शुक्ल आदि ने खुशी जताई है।