रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आठ जनवरी से एमबीबीएस के दूसरे बैच की पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए तैयारियां पूरी हो गईं हैं। एम्स दिल्ली के प्रोफेसर व एम्स रायबरेली के अध्यक्ष प्रो. प्रमोद गर्ग कार्यक्रम में शामिल होंगे। 2019 में पहले बैच में 50 सीटों की पढ़ाई शुरू हुई थी। एमबीबीएस की 100 सीटों के दूसरे बैच की पढ़ाई 2020 में ही शुरू होनी थी, लेकिन कोरोना के कहर के कारण देरी हुई।
एम्स में ओपीडी शुरू होने के बाद 29 अगस्त 2020 को एमबीबीएस के पहले बैच की पढ़ाई शुरू हुई थी। 100 सीटों के दूसरे बैच की पढ़ाई पिछले जुलाई माह में ही शुरू होनी थी, लेकिन कोरोना का कहर बढ़ने के कारण दूसरा बैच शुरू नहीं हो सका था।
अब आठ जनवरी को एमबीबीएस के दूसरे बैच की पढ़ाई शुरू होगी। एम्स के निदेशक प्रो. अरविंद राजवंशी के निर्देशन में गुरुवार को तैयारियों को पूरा कराने का काम किया गया।
एम्स के रजिस्ट्रार व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी समीर शुक्ला सहित अन्य अधिकारियों ने क्लास रूम, प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। एमबीबीएस के दूसरे बैच की पढ़ाई को शुरू कराने के लिए एम्स रायबरेली के अध्यक्ष व दिल्ली एम्स के प्रो. प्रमोद गर्ग यहां शुक्रवार को पहुंचेंगे। इसके अलावा एम्स के अन्य अधिकारी भी आएंगे।
इसी साल शुरू होगा 100 बेड का अस्पताल और मेडिकल कॉलेज
एम्स में जल्द ही मेडिकल कॉलेज और 100 बेड का हॉस्पिटल शुरू होने वाला है। जनवरी 2021 में ही अस्पताल को भी शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रोफेसरों और सहायक प्रोफेसरों के काफी पद भरे भी जा चुके हैं। अन्य संसाधन भी आ चुके हैं।
एम्स में 1400 छात्रों की क्षमता के छात्रावास व स्टाफ के लिए आवास का काम पूरा हो चुका है। करीब 274 करोड़ की लागत से 600 बेड के एम्स हॉस्पिटल (चिकित्सीय परिसर) बनाने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। पिछले कई महीने से 158 फैकल्टी को भरने की प्रक्रिया चल रही है। एम्स में आर्थोपेडिक, फीजियोलॉजी, ईएनटी, पीएमआर, जनरल मेडिसिन, आबस्टेट्रिक्स एंड गायकनोलॉजी, ब्लडबैंक, एनेस्थ्यिोलॉजी, बायोकेमेस्ट्री आदि पदों को भरा जा रहा है।
शुक्रवार सुबह 11 बजे एमबीबीएस के दूसरे बैच की पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए निदेशक के निर्देशन में तैयारियों को पूरा करवाया गया है। एम्स के अध्यक्ष भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दूसरे बैच में 100 सीटें रखी गईं हैं।
समीर शुक्ला, रजिस्ट्रार/ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, एम्स